बहादुरगढ़। ऑनलाइन टास्क देने के नाम पर युवती से 7 लाख 97 हजार 870 रुपये ठगे गए हैं। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है।
वारदात सेक्टर-6 निवासी अदिति ने बताया कि कुछ समय पहले एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज में यू-ट्यूब चैनल सब्सक्राइम कर रुपये कमाने के बारे में बताया गया था। कुछ लिंक भी भेजे गए थे। उस मैसेज पर भरोसा करके युवती ने चैनल सब्सक्राइब कर दिया, जिससे उसके खाते में 160 रुपये आए। फिर उन शातिरों ने युवती का नंबर एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। ग्रुप में कई लोगों ने स्क्रीन शॉट्स डाल रखे थे, जिनमें रुपये आने की पुष्टि की गई थी। यह देखकर युवती शातिरों पर भरोसा करती रही।जब वह पूरी तरह से उनके झांसे में आई तो शातिरों ने खेल खेलना शुरू कर दिया और उससे रुपये मंगवाने शुरू कर दिए। वह उनके कहे अनुसार, अलग-अलग खातों में रुपये भेजती रही। जब 7 लाख 97 हजार 870 रुपये चले गए तो युवती ने वापसी के लिए उनसे आग्रह किया लेकिन नहीं लौटाए। युवती की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहादुरगढ़ इलाके में पहले भी इस तरह की वारदात हो चुकी हैं। पुलिस द्वारा लगातार लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बावजूद वारदातों पर अंकुश नहीं लग पा रहा।