झज्जर। विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा धर्मनगरी बेरी के अलावा गांव मांगा वास और बरहाणा मिलवान पहुंची। ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादयान, बरहाणा में नीलम अहलावत ने ग्रामीणों को विकसित भारत का निर्माण करने के लिए अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में डीएमसी जगनिवास और एसडीएम रविंद्र मलिक विशेष रूप से उपस्थित थे। शिव चौक स्थित माता भीमेश्वरी देवी धर्मशाला में बेरी शहर के लिए आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विक्रम कादयान ने कहा कि संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रदेश के हर जिले के वार्ड व गांवों में पहुंच कर समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
गांव बरहाणा मिलवान में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए झज्जर सेंट्रल कॉपरेटिव बैंक की चेयरमैन नीलम अहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकारें जनकल्याण की दिशा में अच्छा कार्य कर रही हैं। यात्रा झज्जर विधानसभा क्षेत्र के गांव खातीवास, खापड़वास, जमालपुर और तलाव पहुंची, जहां भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डा राकेश कुमार ने खापड़वास, महिला विकास निगम की पूर्व चेयरमैन सुनीता चौहान ने गांव तलाव, पूर्व मंत्री कांता देवी ने गांव जमालपुर और भाजपा नेता रमेश वाल्मीकि ने गांव खातीवास में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ का ग्रामीणों के साथ स्वागत किया।
गांव तलाव में कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने की। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डा राकेश कुमार ने कहा कि भारत व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के नागरिकों तक पहुंचाने और उसके प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा चलाई जा रही है। पूर्व मंत्री कांता देवी ने गांव जमालपुर में बतौर मुख्य अतिथि ग्रामीणों से संवाद किया और कहा कि यह यात्रा हम सबके लिए अति महत्वपूर्ण है। महिला विकास निगम की पूर्व चेयरमैन सुनीता चौहान ने गांव तलाव में भाग लिया।भाजपा नेता एवं मुख्य अतिथि रमेश वाल्मीकि जिला परिषद के चैयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने कहा कि जाति, बिरादरी से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व वंचित व्यक्तियों का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।