साल्हावास। थाना साल्हावास में पुलिस ने थानाक्षेत्र के सरपंचों के साथ बैठक ली। उन्होंने चोरी की घटनाएं रोकने में ग्रामीणों का सहयोग मांगा। सरपंचों से चौकीदारों के सहयोग से रात को ठीकरी पहरा शुरू करने का अनुरोध किया ।
थाना परिसर में हुई बैठक में चोरियों का मामला उठा तो थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने कहा कि चोरियों की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश के लिए ग्रामीणों का भी सहयोग बेहद जरूरी है।उन्होंने सरपंचों से आह्वान किया कि वह अपने गांवों में चौकीदारों के साथ गांव के लोगों के सहयोग से रात के समय ठीकरी पहरा शुरू करें। पुलिस रात के समय हर गांव में गश्त के लिए पहुंचेगी और किसी भी तरह की स्थिति होने पर सूचना दें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
साथ ही गांव में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों के साथ संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखे और किसी भी तरह की घटना पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सरपंचों की बैठक में उन्होंने ग्रामीणों व सरपंचों से आपराधिक वारदातों पर अंकुश के लिए सुझाव लेने के साथ पुलिस की तरफ से उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने कहा कि पुलिस के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है तभी आपराधिक वारदातों में संलिप्त लोगों की पहचान हो सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ सरपंच, नंबरदार, चौकीदार अपने आसपास इस पर निगाह रखें और किसी भी तरह का संदेह हो तो इसकी सूचना पुलिस को आवश्यक रूप से दें।