फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर शोभा यात्रा, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ गीता जयंती समारोह का समापन

Sun, 11 Dec 2016 01:30 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, झज्जर
विज्ञापन
गीता जयंती - फोटो : bureau
विज्ञापन
जहांआरा बाग स्टेडियम में पिछले तीन दिनों से चल रहा गीता जयंती महोत्सव का समापन शनिवार को नगर शोभा यात्रा व सांस्कृतिक संध्या के साथ हो गया। समापन समारोह में हरियाणा सरकार में मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क मुख्यातिथि थे। गीतापुरम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विख्यात कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का मंच से प्रदर्शन करते हुए समारोह को भव्य बना दिया।
विज्ञापन


उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण ने सीपीएस के झज्जर पहुंचने पर उनका अभिनदंन किया। सीपीएस बख्शीश सिंह विर्क ने शहर के कुलदीप सिंह चौक से नगर शोभा यात्रा को शहर के लिए रवाना किया। गीता पुस्तक के साथ सजी गीता पालकी को रवाना करते हुए मुख्यातिथि विर्क ने कहा कि शहर के जनमानस में गीता का संदेश पहुंचाने के लिए शोभा यात्रा अतुलनीय पहल है।

202 बच्चों ने किया श्लोकोच्चारण
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण ने बताया कि नगर शोभा यात्रा में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की सांस्कृतिक मंडली के साथ ही 202 बच्चों ने श्लोकोच्चारण करते हुए जन-जन के बीच गीता का संदेश पहुंचाया।
विज्ञापन


ढोल बाजे व नगाड़ों की धुनों पर कलाकारों ने शोभा यात्रा को भव्य बना दिया। यात्रा में गुरुकुल झज्जर के विद्यार्थियों ने तलवार बाजी, लाठी चलाने के अंदाज सहित अन्य हथियारों की कलाबाजी से यात्रा को रोमांचकारी बना दिया। शोभा यात्रा कुलदीप सिंह चौक से शुरू होकर पुरानी अनाज मंडी, मेन बाजार, डायमंड चौक, अंबेडकर चौक से होते हुए पुराना अड्डा मार्ग से गीतापुरम जहांआरा बाग स्टेडियम में पहुंची।

यात्रा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झज्जर, न्यूटन हाई स्कूल व सरस्वती शिशु मंदिर बेरी के बच्चों ने माहौल को गीतामय बनाए रखा। एसएफएस बिरधाना स्कूल की बैंड टीम ने यात्रा की अगुवानी की।

सीपीएस ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया सांस्कृतिक संध्या का आगाज
गीतापुरम में गीता जयंती महोत्सव 2016 के रंगारंग कार्यक्रम के अंतिम दिन मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांस्कृतिक संध्या से पहले उन्होंने जहांआरा बाग स्टेडियम में गीता जयंती महोत्सव के लिए विशेष तौर पर तैयार किए गए गीता पुरम में प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में विख्यात कलाकारों ने बांधा समां
गीतापुरम में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मुख्यातिथि विर्क के साथ उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ाण, अतिरिक्त उपायुक्त डा.नरहरि बांगड़, सीटीएम विजय सिंह, तहसीलदार नेहा सहारण सहित जिले भर से आए दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया।

निफा से उमा शंकर एंड पार्टी, लोक कलाकार दीपक कपूर, वेद दमन, प्रवीण वर्मा व अनिल ने गीता सार को हरियाणवी शैली में सुनाकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। वहीं राजकुमार धनखड़ ने अपने चुटकलों से समारोह को गुदगुदाया। गीता उपदेश पर आधारित नाटक के मंचन ने गीता सार को साक्षात रूप से मंच पर प्रदर्शित कर दिया।

इस अवसर पर डीआईपीआरओ नीरज कुमार, डीएसपी राजीव, डीईओ सतबीर सिंह, बीईओ राजेश खन्ना, नगरपालिका सचिव सुमनलता, एआईपीआरओ झज्जर सतीश कुमार, एआईपीआरओ बहादुरगढ़ दिनेश कुमार, प्राचार्य राजबीर दहिया, सिटी चौकी प्रभारी राजेश सहित अन्य अधिकारीगण व रोटरी कल्ब सहित विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें