प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लड़कियों के लिए स्कीम लॉन्च की है, जिसमें 21 हजार रुपये की नकदी व 4 जेवर मिलेंगे। इस प्रकार का झांसा देकर एक युवती बुधवार को शहर में एक वृद्धा की सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गई। शिकायत के बाद पुलिस मामले की छानबीन में लगी है।
वार्ड 2 दिल्ली गेट निवासी वृद्धा सुमित्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर को एक 30 साल की युवती उसके पास आयी। उसने बताया कि जिन घरों में एक लड़की है, उनके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्कीम लागू की है। इसमें लड़की की शादी के लिए 21 हजार रुपये की नकदी और सोने के पांच जेवर दिए जाते हैं। युवती ने खुद को योजना का एजेंट बताया और महिला को झांसा दिया कि वह कुछ देर में ही उसे नकदी व जेवर दिला देगी। दो आईडी प्रूफ की कॉपी लेकर उसके साथ चलें।
सुमित्रा युवती की बातों में आ गई। वह पड़ोस की एक अन्य महिला चमेली को साथ लेकर युवती के साथ चल पड़ी। बाबा गिरी प्रसाद मंदिर के पास युवती ने चमेली को तो गोशाला के गेट पर बैठा दिया। सुमित्रा को लेकर वह गली में चली गई। उसने महिला को झांसे में लिया और उसके हाथ से सोने की दो अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद युवती 21 हजार रुपये की नकदी व जेवर लाने की बात कह कर महिला को वहीं खड़ा छोड़ कर फरार हो गई।
सुमित्रा व चमेली करीब एक घंटे तक वहीं बैठ कर युवती के लौटने का इंतजार करती रहीं, लेकिन युवती नहीं लौटी। इस पर उनको अपने साथ ठगी का आभास हुआ। सूचना मिलने पर उनके परिजन मौके पर पहुंच गए। युवती के बारे में आस पास के लोगों से बातचीत की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में महिला ने पुलिस को लिखित में ठगी की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस छानबीन में लगी है।