साल्हावास। क्षेत्र में ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी होल्ड के नाम पर साइबर ठगी का नया तरीका सामने आया है। शातिर मोबाइल पर फोन कर पार्सल होल्ड होने का झांसा दे रहे हैं। फोन करके कहा जाता है कि पार्सल होल्ड होने के कारण डिलीवरी में समस्या आ रही है और स्केनर तथा फोन पे से रुपये ले रहे हैं।
ऐसी ही घटना खानपुर खुर्द में घटित हुई। संजय निवासी खानपुर खुर्द ने बताया कि वह झाड़ली प्लांट में चालक है। वे दो भाई-बहन हैं। उसकी बहन कोमल दिल्ली से लॉ कर रही है। गत दिवस वह तथा उसकी बहन गांव खानपुर खुर्द में घर पर थे। तब बहन के पास काॅल आई कि आपका जो कूरियर आना था, वो मुंबई एयरपोर्ट पर होल्ड है।
उसको दिल्ली भेजने के लिए 25 हजार रुपये लगेंगे। उसने अपने मोबाइल से फोन पे से बहन के नंबर पर भेजे गए स्केनर पर 15 हजार रुपये व यूपीआई आईडी पर 2000 रुपये डाल दिए थे। उसके बाद दोबारा से उसकी बहन के पास फोन आया कि आपका कूरियर तब छोड़ा जाएगा, जब आप 50 हजार रुपये डालोगे।
उसने फिर अपने फोन नंबर से फोन पे स्केनर पर 40 हजार रुपये डाल दिए। ऐसा करके उसकी बहन के पास काॅल करके उसके साथ धोखाधड़ी करके उससे कुल 57 हजार रुपये डलवा दिए। इस बारे में उसने 1930 पर भी शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।