फर्जी प्रस्ताव तैयार कर पंचायत के खाते से 15 करोड़ रुपये निकाले जाने के मामले में आरोपी सरपंच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। इस रिमांड अवधि में पुलिस आरोपी से मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के बारे में पता लगाएगी।
मामला गांव खेड़ी जसोर का है। दरअसल, गांव के सरपंच अनिल पर आरोप है कि उसने एक ग्राम सचिव अजय रंगा के साथ मिलकर फर्जी प्रस्ताव तैयार किया। इस प्रस्ताव में खंड पंचायती अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर भी किए गए थे। फिर गांव के ग्रामीण बैंक के मैनेजर के साथ सांठगांठ कर 15 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। गांव के असली सचिव की शिकायत पर खंड विकास एवं पंचायत विभाग ने सरपंच अनिल, सचिव अजय व बैंक मैनेजर के खिलाफ 26 जून को केस दर्ज कराया था। तब से आसौदा पुलिस सरपंच व अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस मामले में अब आसौदा थाना पुलिस ने आरोपी सरपंच अनिल को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे चार दिन के रिमांड पर ले लिया गया। बता दें कि सरपंच ने जिस सचिव के साथ मिलकर प्रस्ताव बनाया, वह भी उक्त गांव का सचिव नहीं है। गांव के असली सचिव की सूझबूझ के चलते यह मामला उजागर हो पाया था।
कई दिन से आरोपी की तलाश की जा रही थी। अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बीर सिंह, एसएचओ, आसौदा थाना।