टीकरी बॉर्डर पर रक्त संग्रह करने वालों से पूछताछ करते किसान।
- फोटो : Bahadurgarh
टीकरी बॉर्डर पर सोमवार को रक्तदान शिविर लगाकर रक्त संग्रह कर रहे चार युवकों को किसानों ने पकड़ कर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। किसानों का कहना था कि ये बिना किसी अनुमति के गैर कानूनी रूप से रक्त संग्रह कर रहे थे।
टीकरी बॉर्डर पर दोपहर को आंदोलनकारी किसानों की मुख्य सभा चल रही थी। इस बीच भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप के पास कुछ लोग रक्तदान शिविर लगाकर रक्त संग्रह कर रहे थे। धरने के आयोजक वॉलंटियर को शक हुआ कि रक्तदान शिविर बिना अनुमति के लगाया गया है। उन्होंने रक्त संग्रह करने वाले युवकों से पूछताछ करते हुए शिविर लगाने का अनुमति पत्र या लाइसेंस मांगा तो वे नहीं दिखा सके, जबकि इससे पहले ब्लड बैंक वाले दो किसानों से दो यूनिट रक्त ले चुके थे। रक्त संग्रह करने वालों ने बताया कि वे दिल्ली में द्वारका मोड़ स्थित एक अस्पताल में चल रहे ब्लड बैंक के कर्मचारी हैं। धरने के आयोजक किसानों को मामला फर्जी लगा तो उनका सामान कब्जे में ले लिया। मौके पर काफी संख्या में किसान इकट्ठे हो गए। इस बीच सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और उचित दस्तावेज नहीं दिखा पाने पर चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।