संवाद न्यूज एजेंसी
बादली। प्रदेश में भाजपा सरकार के पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बादली पहुंचकर बस अड्डे के भवन निर्माण की घोषणा की तो आसपास गांवों में नई आशा जग गई, लेकिन घोषणा के चार साल बाद भी यहां मिट्टी और कूड़े के ढेर लगे हैं। यहां तक कि परिसर की न तो चहारदीवारी हो सकी है और न ही यात्रियों के लिए शेड, पानी और बस की सुविधा मिली है। हालत यह हो गई है कि स्थानीय सांसद और विधायक भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं, जबकि परिवहन मंत्री ने बस अड्डा परिसर में भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की बात कही है।
2019 में मुख्यमंत्री ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान बादली के बस स्टैंड परिसर में सभा को संबोधित करते हुए भवन निर्माण की घोषणा की थी। लोगों को उम्मीद जगी कि अब बस स्टैंड के तौर पर यात्रियों को सुविधा मिलेगी। बस स्टैंड परिसर में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों के लिए न तो शेड बनाया गया है और न उन्हें बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधा मिल सकी है।
बस अड्डा इंचार्ज जिम्मेवार
बस अड्डा पर यात्रियों की समस्या को लेकर झज्जर रोडवेज के जीएम एनके गर्ग भी सवालों से बचते नजर आए। कूड़े के ढेर और बसों के न पहुंचने पर उन्होंने कहा कि सवारियों को बस अड्डा इंचार्ज से मिलना चाहिए। सुविधाओं के मामले में पर सवाल का भी जवाब देने पर परहेज कर गए।
यह बोले लोग
बार-बार मांग पत्र सरकार को भेजा गया है, ताकि उनकी घोषणा याद दिलवाई जा सके। अब जल्द ही क्षेत्र में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। हैरान कर देने वाली बात है कि कांग्रेस के स्थानीय विधायक कुलदीप वत्स और भाजपा के सांसद अरविंद शर्मा की ओर से भी कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
- मास्टर रणबीर गुलिया, बादली।
बस अड्डा को लेकर कोई समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते लोगों में रोष भी बना है। करीब 12 साल पहले शुरू हुई चहारदीवारी का कार्य भी बीच में ही रुका हुआ है। यात्रियों को किसी तरह की कोई सुविधा नहीं मिल रही है। यात्रियों को बस अड्डा का लाभ पहुंचाने के लिए सुधारीकरण की जरूरत हैं।
- बेदन गुलिया, बादली।
मुख्यमंत्री ने बस अड्डे का भवन बनाने की घोषणा की थी। कुछ खामियों को दूर किया जा रहा है। जल्द ही बजट को मंजूरी मिलते ही बस अड्डे के भवन का निर्माण करवाया जाएगा। विभाग की ओर से एस्टीमेट बनवाया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी बस अड्डे के भवन निर्माण के लिए बातचीत की है।
- मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री हरियाणा सरकार।