बहादुरगढ़। शुक्रवार तड़के करीब पौने चार बजे शहर में एक बड़ी वारदात हो गई। रोहतक के गांव खेड़ी साध के रहने वाले राहुल से चार बदमाशों ने पहले तो रोहतक ले जाकर उससे कार लूटी और फिर बंदूक दिखाकर नकदी भी छीन ली। वापसी बहादुरगढ़ में लाकर उसे एमआईई क्षेत्र में फेंक दिया। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा है। राहुल दिल्ली-रोहतक रूट पर सवारी गाड़ी चलाता है।
शिकायतकर्ता राहुल ने बताया कि वह अपनी वैगनआर कार से दिल्ली और रोहतक के बीच सवारियां ढोने का काम करता है। 2 अक्तूबर की रात करीब डेढ़ बजे वह दिल्ली में पीरागढ़ी मेट्रो स्टेशन पर खड़ा था। इसी दौरान चार युवक उसकी गाड़ी में सवार हुए और रोहतक जाने की बात कही।
रास्ते में टिकरी बॉर्डर सीएनजी पंप पर राहुल ने ईंधन भरवाया और इसके बाद वह रोहतक की ओर चल दिया। वीरवार की रात करीब 2:45 बजे जब वह गाड़ी लेकर ओमेक्स सिटी रोहतक के पास पहुंचा तो बदमाशों ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
एक ने चालक की गर्दन दबाई दूसरे ने हैंडब्रेक खींचकर गाड़ी रोक दी। अन्य दो ने पिस्तौल निकाल ली और राहुल को जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उसके पास से 3400 रुपये भी लूट लिए और उसे जबरदस्ती पीछे सीट पर दबा दिया। इसके बाद बदमाश खुद गाड़ी चलाने लगे और देर रात तक उसे इधर-उधर घुमाते रहे।
सुबह करीब 3:50 बजे आरोपियों ने राहुल को बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्यागिक क्षेत्र (एमआईई) क्षेत्र में उतारकर उसका मोबाइल सिम निकाल लिया और वैगनआर कार लेकर भाग गए। बताया गया है कि आरोपी गाड़ी लेकर दिल्ली की तरफ चले गए। पीड़ित किसी तरह राहगीरों की मदद से सुबह 4 बजे एमआईई चौकी पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।