बहादुरगढ़। चार दिन पहले बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के नीचे एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक की हत्या लड़ाई-झगड़े की रंजिश के चलते की गई थी। नाबालिगों को बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेजा गया है, जबकि अन्य दो को कोर्ट ने जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
बहादुरगढ़ शहर थाना प्रभारी निरीक्षक हरेश कुमार ने बताया कि वारदात वाले दिन पुलिस ने जटिया मोहल्ला निवासी दलीप की शिकायत पर उनके पुत्र मनजीत की हत्या होने का मामला दर्ज किया था। मंजीत ऑटो चलाता था। 17 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे वह ऑटो लेकर घर से निकला था। कुछ ही देर बाद बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के नीचे उसकी चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। बहादुरगढ़ शहर थाना में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
इस मामले में सोमवार को पुलिस टीम ने दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान किला मोहल्ला बहादुरगढ़ निवासी आदित्य और सेक्टर-9 के रहने वाले समीर के तौर पर की गई। वहीं, मामले में पकड़े गए नाबालिग आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। वहीं दो युवा आरोपियों से वारदात के वक्त इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपियों की किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हुई थी। इसी कहासुनी की रंजिश को मन में रखते हुए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।