शहर के विकाश कार्यों को लेकर नगर पालिका सदस्यों ने वीरवार को एसडीएम से मीटिंग कर नगर पालिका के विकास का एक प्रस्ताव उनके समक्ष रखा। जिसमें करीब 19 करोड़ रुपये की लागत झज्जर नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में विकास मॉडल पेश किया गया। जिसे प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदेश सरकार के पास भेज दिया है। नपा सदस्यों का दावा है कि इस बजट के पास होते ही शहर का चहुमुखी विकास होगा।
नगर पालिका द्वारा तैयार किए गए इस एजेंडे में शहर में आमजन के लिए परेशानी का सबब बन रही हर समस्या का समाधान करने की कोशिश की गई है। इसमें गलियों की नाली, स्ट्रीट लाईटों, लाइब्रेरी व फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ पिछले वर्ष अधूरे बचे कार्यों को पूरा करके शहर को चमकाने की कोशिश रहेगी। नपा का मानना है कि एजेंडें में वे सभी प्रमुख समस्याएं डाली गई हैं, जिनके कारण आम जन को बार-बार अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे थे। बजट के पास होते ही शहरवासियों की समस्याएं भी दम तोड़ती नजर आएंगी।
पांच करोड़ की लागत से होंगे सफाई कार्य
शहर में बरसाती पानी से बचाव व गलियों, शिवरों व अन्य किसी भी प्रकार की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए इन कार्यों को बजट में सबसे अहम स्थान दिया गया है। नपा सेक्रेटरी राजेश वर्मा ने बताया कि शहर के सफाई कार्यों के लिए एजेंडे में करीब 5 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। जिससे शहर में कूड़ा करकट व शीवेज व्यवस्था व अन्य किसी प्रकार की सफाई संबंधी समस्या के कारण आने वाली परेशानियों से पूर्ण रूप से मुक्ति मिलेगी।
एक की स्ट्रीट लाईटों से चमकेगा शहर
नपा सदस्यों ने बताया कि शहर को चमकाने के लिए स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था को दुरुस्त करना बेहद जरूरी कार्य है। जिसके लिए गलियों में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था में आने वाले खर्चे के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को एक करोड़ रुपये के करीब का एस्टिमेट बनाकर भेज दिया गया है। इससे रात में अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी करने वालों से भी निजात मिलेगी।