झज्जर। हल्की सर्दी शुरू हो चुकी है और आने वाले दिनों में धुंध भी पड़नी शुरू हो जाएगी, लेकिन शहर की सड़कों की हालत बिल्कुल खराब है। मुख्य मार्गों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इस कारण वाहन चालकों को अभी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और धुंध पड़ती है तो हादसा होने का डर बना रहेगा। शहर के अधिकतर मार्गों की हालत ज्यादा खराब है। सबसे व्यस्त मार्ग भगत सिंह चौक से राव तुलाराम चौक की हालत सबसे ज्यादा खराब है। भगत सिंह से छिक्कारा चौक, छिक्कारा चौक से वाया शिव चौक होते हुए यादव धर्मशाला, यादव धर्मशाला से सिलानी गेट और राव तुलाराम चौक तक रोड की हालत सही नहीं है। भगत सिंह चौक से छिक्कारा चौक तक मार्ग टूटा हुआ है। यहां गड्ढे बने हुए हैं, इनमें गंदा पानी खड़ा रहता है। इसी प्रकार की हालत छिक्कारा चौक से यादव धर्मशाला तक के मार्ग की है। छिक्कारा चौक से इनेलो कार्यालय तक लगभग 600 मीटर का रोड है, लेकिन यह पिछले ढाई साल से टूटा हुआ है। अब इस रोड पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इनेलो कार्यालय के बाहर मोड पर लगभग दो से ढाई फीट के गड्ढे बने हुए हैं, इनमें पानी भरा रहता है। इस कारण कोई न कोई वाहन चालक चोटिल होता रहता है।
यादव धर्मशाला से सिलानी गेट की हालत खराब
यादव धर्मशाला से लेकर सिलानी गेट, कुलदीप चौक तक रोड की हालत खराब है। सिलानी गेट से आगे अग्रसेन चौक तक सड़क कहीं नजर ही नहीं आती। यहां रोड़े ही रोड़े नजर आते हैं। गड्ढों के कारण वाहनों के हादसे होने का खतरा बना रहता है। अग्रसेन चौक के पास भी केवल रोड़े डाले गए हैं। यहां भी सड़क नहीं बनी है।
त्रिमूर्ति चौक से राव तुलाराम चौक तक गड्ढे ही गड्ढे
त्रिमूर्ति चौक से राव तुलाराम चौक को जाने वाले मुख्य मार्ग में भी गड्ढे ही गड्ढे बने हुए हैं। त्रिमूर्ति चौक से कुछ आगे सिलानी गेट और राव तुलाराम चौक जाने वाले मुख्य चौक पर गहरा गड्ढा बना हुए हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
सड़कों के जंक्शन की हालत भी ख़राब
शहर में मुख्य मार्गों के जंक्शन की हालत खराब है। यहां गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इनेलो कार्यालय के पास, छिकारा चौक, यादव धर्मशाला के पास चौक, त्रिमूर्ति चौक से आगे मुख्य चौराहा के जंक्शन बुरी तरह से टूटे हुए हैं, लेकिन पीडब्ल्यूडी बीएंडआर कोई ध्यान नहीं दे रहा।