मौसम में कई दिनों से लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। कभी हल्की बारिश तो कभी तेज धूप निकल रही है। इससे कभी तापमान कम हो रहा है तो कभी मौसम गर्म हो रहा है। सोमवार को झज्जर में सुबह 11 बजे तक बादलवाही रही। बहादुरगढ़ में करीब 1.20 एमएम बारिश दर्ज की गई।
पिछले चार दिनों में हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बहादुरगढ़ में अब तक 16.40 एमएम बारिश हो चुकी है। यह बारिश गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक है। बारिश और तेज हवा चलने से क्षेत्र में 10 हजार हेक्टेयर फसल में नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
सोमवार को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद शहर की कई कॉलोनियों और गलियों में कीचड़ जमा हो गया जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतें उठानी पड़ी।
मौसम विभाग के अनुसार 25 मार्च को एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बारिश की संभावना बन रही है। जैसे ही मौसम प्रणाली आगे निकल जाएगी उसके पीछे एक और नया पश्चिमी विक्षोभ 28 मार्च को सक्रिय होने से 28-30 मार्च के दौरान मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।