गर्मी व बरसाती मौसम में बिजली की समस्या ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। बार-बार लोग निगम के शिकायत केंद्र व अधिकारियों के पास कॉल करते रहे लेकिन कोई भी स्पष्ट जवाब देता नजर नहीं आया कि कब बिजली सप्लाई शुरू होगी। वीरवार की सुबह भी झज्जर मोड़ के सामने मंडी फीडर से जुड़ी अनेक संस्थानों की बिजली पांच घंटे से अधिक समय तक गुल रही। इससे व्यापारियों का काम धंधा प्रभावित रहा। उधर निगम अधिकारियों ने बताया कि नई बस्ती एरिया में घरों के ऊपर से तार शिफ्ट करने के काम की वजह से ये फीडर बंद किए गए थे।
वीरवार सुबह राधा गंगा आर्केड व उसके आसपास एरिया की बिजली सुबह 10 बजे से गुल रही। वहीं बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई गुल हो गई जिन घरों में इनवर्टर लगे थे वे भी जवाब दे गए। दोपहर तक बिजली न आने के कारण लोग परेशान दिखे। बिजली गुल रहने से लोगों को काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ। कंप्यूटर शॉप संचालक विकास ने कहा कि बिजली गुल रहने से उनका बाधित रहा।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के सिटी वन डिवीजन के एसडीई राहुल वर्मा ने बताया कि वीरवार को नई बस्ती एरिया में घरों के ऊपर से गुजर रही तारों को हटाने का कार्य किया गया था। इसके कारण बिजली आपूर्ति कुछ एरिया की बाधित रही। उपभोक्ताओं के पंजीकृत नंबरों पर कार्य को लेकर पहले ही सूचित कर दिया गया था।