बहादुरगढ़। जिले में वीरवार को 5 कोरोना पॉजिटिव केस मिले। जबकि 20 लोगों को संक्रमण मुक्त होने पर डिस्चार्ज किया गया। रिकवरी रेट 91.6 प्रतिशत रहा। वीरवार को मिले 5 पाजिटिव केस मिलाकर अब तक 953 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 873 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक कुल बारह की मौत हो चुकी है और अब 68 पॉजिटिव केस फिलहाल एक्टिव हैं।
वीरवार को संक्रमित मिले लोगों में एक बहादुरगढ़ क्षेत्र है। झज्जर के गांव खेड़ी खुम्मर निवासी 29 वर्षीय प्राइवेट कर्मचारी को डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि बहादुरगढ़ के गांव बराही की निवासी 15 वर्षीय छात्रा को एसडीएच बहादुरगढ़ में भर्ती कराया गया है। बेरी के गांव दिमाना के दो वर्षीय बच्चे को पीजीआई रोहतक में, गांव दुजाना के निवासी 56 वर्षीय किसान को दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल मोतीनगर दिल्ली में भर्ती कराया गया है और गांव सफीपुर के 30 वर्षीय दुकानदार को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
पहले से संक्रमित बहादुरगढ़ के आठ लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। बेरी के पाना छाज्याण के निवासी एक ही परिवार के तीन लोग डिस्चार्ज किए गए। गांव लुहारी के दो, जोन्धी के एक, झांसवा के एक, छुछकवास के एक, मुंदसा के एक, झाड़ली के एक, बामड़ोला के एक और खेड़ी खुम्मर के एक व्यक्ति को छुट्टी मिली।
36535 की हो चुकी जांच
जिले में वीरवार तक 36535 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। जिनमें से 885 की रिपोर्ट पाजिटिव और 35467 की नेगेटिव आई। जबकि 183 लोगों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। अब तक जिले के 953 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, अब तक 521 लोगों को अस्पतालों में आइसोलेट किया गया और 432 लोग होम आइसोलेट किए गए। फिलहाल 68 एक्टिव केस हैं और 873 को स्वस्थ घोषित किया जा चुका है। जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय दहिया के अनुसार, अब तक जिले के 12 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 43 लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और 25 संक्रमितों को उनके घरों में ही रखा गया है। वीरवार को सैंपल पाजिटिविटी रेट 2.4 फीसदी और रिकवरी रेट 91.6 फीसदी रहा। वीरवार तक जिले के कुल 100400 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। अब तक कुल 7516 लोगों को सर्विलांस पर रखा गया, जिनमें से 7362 की सर्विलांस अवधि पूरी हो चुकी है और 154 लोग फिलहाल सर्विलांस पर हैं। वीरवार को जिले में टेस्टिग रेशो 3319 व्यक्ति प्रति लाख रहा।