आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए ले जाती पुलिस। संवाद
- फोटो : Jhjhar
झज्जर। एक दुकान में चोरी की प्रयास करते समय पांच आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है। जब आरोपियों ने अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देखा तो उन्होंने पुलिस पर एक फायर भी किया, लेकिन पुलिस की टीम ने जान जोखिम में डालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद पांच आरोपियों को काबू कर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों में से एक आरोपी की पहचान अरमान निवासी गांव बिरधाना के तौर पर की गई।
शहर में स्थित एक रेडीमेड की दुकान से रविवार रात को चोरी करने की कोशिश करते आरोपियों को स्थानीय पुलिस की टीम ने अवैध हथियारों व चोरी की एक बाइक के साथ काबू किया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय झज्जर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डीएसपी झज्जर राहुल देव ने बताया कि पिछले कई दिनों से झज्जर शहर में हुई चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी राजेश दुग्गल ने आरोपियों को पकड़ने व आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के संबंध में कड़े निर्देश किए गए थे। इस पर स्थानीय पुलिस ने पीसीआर व राइडर की गश्त के अतिरिक्त दोषियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमों को तैनात किया गया था। हालांकि पुलिस ने अभी चार आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया है। फिलहाल उनकी उम्र को लेकर जांच की जा रही है।
- पुलिस पर किया फायर
रविवार की रात पुलिस की विशेष टीम के साथ झज्जर शहर में गश्त पर तैनात थी। टीम ने चार-पांच युवकों को एक रेडीमेड की दुकान से चोरी की कोशिश करते देखा। पुलिस टीम ने थाना प्रबंधक शहर झज्जर निरीक्षक नरसिंह को तुरंत सूचना दी। इस पर थाना प्रबंधक अपनी टीम के साथ मौका पर पहुंचे। जहां टीम ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की गई तो पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायर किया गया। पुलिस टीम ने जान जोखिम में डालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को मौके पर काबू कर लिया। तीन अन्य युवक एक बाइक पर सवार होकर मौके से भाग गए। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए तीनों आरोपियों को भी काबू कर लिया गया।
आरोपी अरमान के कब्जे से मौका पर एक देसी पिस्तौल 315 बोर का बरामद हुआ। पकड़े गए अन्य आरोपियों से दो रॉड, एक लोहे साब्बल व एक तलवारनुमा हथियार बरामद हुआ। आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पकड़े गए उपरोक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर करके सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और अवैध हथियार रखने व चोरी आदि की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए थाना शहर झज्जर में मामला दर्ज किया गया।
- मोबाइल की दुकान में हुई चोरी का खुलासा
डीएसपी राहुल देव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में झज्जर शहर में पिछले दिनों मोबाइल की दुकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों से बरामद मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। आरोपियों से पूछताछ में चोरी व अन्य अपराधिक वारदातों के संबंध में खुलासा होने की संभावना है।