आरोपी की पहचान श्रीभगवान निवासी कलानौर के रूप में हुई है। वह एचकेआरएन के तहत सेक्टर-17 एचएसआईआईडीसी स्थित अग्निशमन कार्यालय में फायरमैन के पद पर कार्यरत है।
विजिलेंस रोहतक की टीम ने बहादुरगढ़ के अग्निशमन विभाग में तैनात एक फायरमैन को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी रिपोर्ट तैयार करने के एवज में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। विजिलेंस ने आरोपी को शेष तीन हजार रुपये लेते हुए दबोच लिया।
विज्ञापन
आरोपी की पहचान श्रीभगवान निवासी कलानौर के रूप में हुई है। वह एचकेआरएन के तहत सेक्टर-17 एचएसआईआईडीसी स्थित अग्निशमन कार्यालय में फायरमैन के पद पर कार्यरत है। जानकारी के अनुसार, पानीपत जिले के चुलकाना निवासी अजीत की ऑल्टो कार 14 जुलाई को बादली के पास केएमपी एक्सप्रेस-वे पर आग लगने से जल गई थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
इसके बाद कार जलने की रिपोर्ट लेने पहुंचे अजीत से आरोपी फायरमैन ने रिपोर्ट तैयार करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद सौदा पांच हजार रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने 27 जुलाई को आरोपी को दो हजार रुपये दे दिए थे। शेष तीन हजार रुपये मंगलवार को देने थे। इस बीच अजीत ने मामले की शिकायत विजिलेंस रोहतक से कर दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया।
विज्ञापन
मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट मुकुंद कुमार की मौजूदगी में निरीक्षक रामचंद्र के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को तीन हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निरीक्षक रामचंद्र ने बताया कि टीम ने मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली। विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।