आग बुझाने के लिए पहुंची अग्निशमन विभाग की गाड़ी।
- फोटो : Bahadurgarh
बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में स्थित एक चप्पल बनाने वाली फैक्टरी में शनिवार की दोपहर आग लग गई। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। विभाग के कर्मचारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और आग को काबू करने के प्रयास शुरू किए गए। आग इतनी भयंकर थी कि बहादुरगढ़ से पहुंची पांच गाड़ियां भी आग पर काबू नहीं पा सकी। इसके बाद दिल्ली से दो गाड़ियां और बुलाई गई। इस तरह दोनों प्रदेशों की 7 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट बताया गया है। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।
एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 में स्थित प्लांट नंबर 215 में एमबीए नाम से चल रही फुटवियर कंपनी में शनिवार की दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद जब फैक्टरी से धुआं निकलता देखा तो फैक्टरी गार्ड ने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग और फैक्टरी मालिक को दी। विभाग की पांच गाड़ियां आग को बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। सूचना पाकर आसौदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। फैक्टरी फिलहाल लॉकडाउन के कारण बंद थी। उसमें काम नही हो रहा था। शनिवार की दोपहर फैक्टरी के प्रथम तल पर आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें बढ़ती गई और धुआं ही धुआं फैल गया। यहां फैक्टरी में रखे केमिकल ड्रम को आसपास के लोगों की मदद से आग से बचाया और उन्हें बाहर रखवाया। दमकलकर्मी भी केमिकल ड्रम को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए उन्हें दूर रखवाते भी दिखे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि यदि सूझबूझ से यहां काम नहीं लिया जाता तो फैक्टरी पूरी तरह से आग की चपेट में आ जाती और उससे आसपास की फैक्टरी को भी नुकसान हो सकता था क्योंकि यहां रखे ज्वलनशील केमिकल ड्रम को पहले ही कड़ी मशक्कत के दौरान आग की लपटों की चपेट में आने से पहले बचा लिया गया। हालांकि फैक्टरी के प्रथम तल पर रखा कच्चा और तैयार माल जल गया। वहीं कई मशीनों को काफी नुकसान हुआ है। बताया गया है कि जेसीबी से फैक्टरी का शटर उखाड़कर दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग बुझाई। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई काम नहीं चल रहा था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उधर फैक्टरी मालिक नूर हसन ने अंदेशा जताया कि फैक्टरी में आग शॉर्ट-सर्किट से लगी थी। इस दौरान कोई काम नहीं चल रहा था। आग के कारण फैक्टरी में काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
फैक्टरी में आग लगने से जली मशीनें।- फोटो : Bahadurgarh