बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने मेडिसिन स्टोर में मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण एसी में शार्ट-सर्किट बताया गया है। कमरे से धुआं निकलता देखा गया तो कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोलकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे में अस्पताल के 20 कर्मचारियों ने 12 अग्निशमन यंत्र से आग को 20 मिनट में काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से काफी मात्रा में दवाइयां नष्ट हो गई। आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। इस दौरान अस्पताल की बिजली भी काट दी गई। इससे अस्पताल में दाखिल मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को दोपहर नागरिक अस्पताल की तीसरी मंजिल से कर्मचारियों ने धुआं निकलता देखा तो उन्हें आग लगने का आभास हुआ। वे दौड़कर तुरंत तीसरी मंजिल पर पहुंचे और मेडिकल स्टोर खोलकर देखा तो कमरे में लगे एसी में आग लगी हुई थी। कर्मचारियों ने तुरंत अस्पताल में रखे अग्निशमन यंत्रों से आग को काबू करने की कोशिश की। सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर शहर के इंदिरा मार्केट में स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय से एक गाड़ी तो दूसरी एचएसआईआईडीसी से आग बुझाने के लिए पहुंची। अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आग को काबू किया जा चुका था। करीब 20 मिनट में अस्पताल स्टाफ ने आग को काबू पा लिया था। कर्मचारियों ने बताया कि मेडिसिन स्टोर में रखी काफी दवाइयां जल गई थी। बताया गया है कि जिस मेडिसिन स्टोर में यह आग लगी। वहां पर हर समय एसी चलाया जाता है, क्योंकि अधिकतर दवाइयां ऐसी हैं जो कम तापमान में रखनी पड़ती हैं।
एक घंटे तक बंद की गई बिजली
नागरिक अस्पताल के मेडिसिन स्टोर में आग लगने के बाद अस्पताल की बिजली काट दी गई थी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि ग्राउंड और प्रथम तल की बिजली सप्लाई जल्द ही चालू कर दी गई थी। तीसरी मंजिल की बिजली को दोपहर बाद चालू किया गया। एक घंटे तक बिजली न होने के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
12 बजे नागरिक अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने मेडिसिन स्टोर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही शहर के इंदिरा मार्केट और एचएसआईआईडीसी से फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर तुरंत पहुंचे। हम गाड़ी लेकर पहुंचे तो अस्पताल स्टाफ ने आग पर काबू पा लिया था।
- रविंद्र कुमार, फायर ऑफिसर, बहादुरगढ़।
अस्पताल की तीसरी मंजिल पर मेडिसिन स्टोर रूम में आग लग गई थी। अस्पताल के स्टाफ की सूझबूझ के चलते आग को समय रहते काबू कर लिया गया। अस्पताल में रखे 12 अग्निशमन यंत्र से आग बुझाई गई। अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया। दो गाड़ियां पहुंच गई थी।
- डॉ. देवेेंद्र मेघा, चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़।