-फोटो 51 : हाथ में पिस्तौल लेकर हवाई फायर करने से सरपंच को रोकते हुए ग्रामीण। स्रोत पीड़ित पक्ष
- फोटो : poni news
बहादुरगढ़। आसंडा गांव में घर के बाहर ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर सरपंच और एक परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सरपंच संदीप ने हवाई फायर करते हुए ग्रामीण को सिर में पिस्तौल का बट मारकर घायल कर दिया। घायल को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझकर जाम खुलवाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल में उपचाराधीन आसंडा गांव निवासी सत्यवान ने बताया कि उनका गांव की फिरनी पर मकान है। पिछले दिनों फिरनी से प्रशासन की ओर से अवैध कब्जे हटाए गए थे। अवैध कब्जे हटाने के बाद फिरनी पर लगा ट्रांसफार्मर और बिजली का खंभा गली के बीचों-बीच आ गया था। सत्यवान का आरोप है कि गांव के सरपंच संदीप शनिवार को सुबह के समय बिजली विभाग की टीम को लेकर उसके मकान के बाहर ट्रांसफार्मर लगवा रहे थे। इसका उन्होंने विरोध किया तो सरपंच तैश में आ गया और पिस्तौल निकालकर बट उसके सिर में मारा। इससे वह घायल हो गया। उसके सिर में चोट आई है। सत्यवान का आरोप है कि पिस्तौल का बट मारने के बाद सरपंच ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया। इसके बाद सरपंच मौके से भाग गया। ग्रामीणों ने भी सड़क पर जाम लगा दिया। बताया गया है कि जाम करीब आधा घंटा लगा रहा। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पुलिस को दी गई। मांडोठी चौकी और थाना आसौदा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। घायल अवस्था में सत्यवान को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। घटना को लेकर फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
आसंडा गांव में सिर में पिस्तौल का बट मारकर चोट मारने और हवाई फायर करने की शिकायत मिली है। अभी शिकायतकर्ता की ओर से बयान दर्ज नहीं कराए गए हैं। शिकायत पर मामला दर्ज किया जाएगा। घायल का उपचार बहादुरगढ़़ के नागरिक अस्पताल में हो रहा है।
- विनोद कुमार, एसएचओ, आसौदा थाना, बहादुरगढ़।