बहादुरगढ़। लाइनपार नेताजी नगर में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। दर्जनभर युवाओं ने तीन युवकों के साथ मारपीट की और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। आसपड़ोस के लोग एकत्रित हुए तो हमलावर धमकी देकर भाग गए। भागते समय उनका हथियार गिर गया। झगड़े की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शिकायत के आधार पर लाइनपार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी अजय का कहना है कि उसकी दोस्ती नीरज और साहिल के साथ है। अक्सर वह तीनों साथ रहते हैं। कुछ दिन पहले हरिनगर में संदीप दहिया के ऑफिस में आशू व उसके साथियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी, तब उन युवकों ने हमें देख लेने की धमकी दी। हमने वह बात नजरंदाज कर दी। शुक्रवार की शाम को हम तीनों फिर से उस ऑफिस में गए। वहां जयदीप नाम का लड़का बैठा था। उसके साथ हमारी कहासुनी हो गई। जब जाने लगे तो पिंकू नाम का युवक आ गया। उसने भी अंजाम भुगतने की धमकी दी। फिर हम वहां से नेताजी नगर आ गए और एक प्लॉट में बैठ गए। इसी दौरान जयदीप, आशू, दीपांशु, सागर, मुकुल, लक्की, पिंकू सहित 6-7 अज्ञात युवक वहां आए और हमारे साथ झगड़ने लगे। हम तीनों के साथ मारपीट की और फिर एक युवक ने पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आसपड़ोस के लोग एकत्रित होने लगे। इसे देखकर हमलावर वाहनों में बैठकर फरार हो गए। भागते वक्त उनका हथियार वहीं पर गिर गया। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।