गोहाना। थाना सदर गोहाना की पुलिस टीम ने लाठी डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या करने के मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव बीधल निवासी कृष्ण है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बीधल निवासी संजय ने 29 जुलाई को पुलिस को शिकायत दी थी कि उनके भाई अनूप व पिता इंद्र 28 जुलाई को घर से खाना खा कर खेत में ट्यूबवेल के पास सो गए थे। रात 10 बजे हन्नी, कार्तिक, मनीष व धोला समेत तीन- चार लड़कों ने लाठी डंडे से उनके भाई और पिता की पिटाई की थी और आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। दोनों घायलों को खानपुर कलां के बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। अनूप की इलाज के दौरान 18 अगस्त को मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों हिमांशु, मनीष, साहिल व कार्तिक को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब पांचवें आरोपी कृष्ण भी गिरफ्तार किया है।