बहादुरगढ़। शहर के झज्जर रोड पर एक बंद फैक्टरी परिसर में पेड़ से लटका महिला का शव मिला है। महिला के घुटने जमीन पर टिके हुए थे। ऐसे में उसकी हत्या हुई या उसने आत्महत्या की इसको लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार झज्जर रोड पर नरेंद्रा फार्म हाउस के नजदीक एक बंद फैक्टरी में सोमवार की सुबह करीब 30 वर्षीय महिला का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर थाना शहर प्रबंधक सुनील कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। महिला की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की इसको लेकर समाचार लिखे जाने तक कुछ भी स्पष्ट नहीें हो पाया था। फिलहाल पुलिस ने घटना को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की है। थाना शहर प्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि महिला की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। शव को पहचान के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने बताया कि आसपास के एरिया से भी महिला की पहचान का प्रयास जारी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का पता किया जा रहा है।