झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यूपी के हापुड़ क्षेत्र में छापा मारकर की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
फोटो 15
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)/ झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में भ्रूण लिंग की जांच की सूचना पर छापा मारा। इस दौरान एक मकान में अवैध रूप से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से गर्भवती महिला की जांच की जा रही थी। लेकिन टीम को देखकर आरोपी वहां से मशीन को साथ लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हापुड़ स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि हरियाणा से स्वास्थ्य विभाग की टीम बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में पहुंची। उन्हें सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं के भ्रूण लिंग का परीक्षण करता है। जिसको लेकर सोमवार को टीम के साथ गांव कनौर में छापा मार दिया। जहां एक मकान में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चलती पाई गई, साथ ही एक लेपटॉप मिला। इस दौरान टीम को देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि इस संबंध में बहादुरगढ़ पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। जहां पुलिस और स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। वहीं टीम के नोडल अधिकारी ने बहादुरगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। डॉ. खत्री का कहना है कि बिना पंजीकरण अप्रशिक्षित लोगों को इस तरह के उपकरणों की सप्लाई करना गैर कानूनी है। आरोपियों को मशीन उपलब्ध कराने वालों की भी तलाश कराकर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि नोडल अधिकारी की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल भोला शंकर निवासी फरीदाबाद और मुकेश निवासी धौलाना जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके साथियों की तलाश की जा रही है। झज्जर सिविल अस्पताल के सिविल सर्जन झज्जर डॉक्टर डॉ ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि पिछले दिनों से विभाग की टीम इस कार्रवाई में लगी थी।
50-60 हजार रुपये वसूलते हैं
झज्जर। सिविल सर्जन डॉ ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि पीसीपीएनडीटी टीम सिविल सर्जन झज्जर को गुप्त सूचना मिली थी कि इस गिरोह में जिले के अलावा फरीदादबाद और हापुड़ के लोग शामिल हैं। ये लोग गर्भवती महिलाओं को उनके गर्भ में पल रहे बच्चे की लिंग जांच करवाने के लिए गाजियाबाद, हापुड़ ,उत्तर प्रदेश ,दिल्ली जैसे स्थानों पर ले जाकर अल्ट्रासाउंड मशीन द्वारा गर्भ में पल रहे बच्चे के लिंग जांच करवाते हैं और यदि गर्भ में लड़की होना पाया जाता है तो वह गर्भपात कराने का भी कार्य करते हैं जोकि गर्भपात कराने पर 50 हजार से 60 हजार रुपए वसूलते हैं। इसके लिए एक टीम जिसमें डॉ संदीप कुमार ,डॉ हर्षदीप, डाॅ सबीना, डॉ रवि गोदारा व विनोद एसए की टीम तैयार की। जिन्होंने एक गर्भवती महिला को नकली ग्राहक बनने के लिए प्रोत्साहित किया। 13 जुलाई से ये कार्रवाई चल रही है। इसमें 14 जुलाई को भी टीम ने काम किया। सोमवार को हापुड़ क्षेत्र में कार्रवाई की गई।