बादली। बहादुरगढ़-बादली सड़क की हालत बदहाल हो चुकी है। मार्ग जगह-जगह से टूटा व गहरे गड्ढे होने से वाहन चालक परेशान हैं। गुभाना गांव से लुकसर तक बने गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं। दोनों गांवों के बीच सड़क पूरी तरह से टूट चुकी हैं।
ग्रामीण दीपक, प्रदीप, सोनू और अमन ने बताया कि लुकसर गांव के पास सड़क बिल्कुल टूटी है जिससे राहगीर व वाहन चालक सभी परेशान हैं। बारिश के दौरान सड़क में बने गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे टू व्हीलर सवारों को चोट लगती रहती है। आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और नव निर्माण को लेकर इसी सप्ताह जिला उपायुक्त से मिलकर मांग की जाएगी जिसके लिए तीनों गांवों को एकजुट किया जा रहा है। ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल झज्जर में अधिकारियोंं से मिलकर स्थिति से अववगत करवाएगा ताकि सड़क का सुधारीकरण करवाया जा सके।