पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। वह तीन बेटियों का पिता था। परिवार और बच्चे गांव में रहते हैं, जबकि चेतन बहादुरगढ़ की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और छोटूराम नगर में किराये के मकान में अकेला रहता था।
पुलिस के अनुसार, चेतन ने अपनी पत्नी को फोन किया और अचानक वीडियो कॉल शुरू कर दी। इसी दौरान उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया। पत्नी ने उसे रोकने के लिए काफी समझाया और खुद को संभालने की अपील करती रही। जब उसे लगा कि चेतन उसकी बात नहीं मान रहा है तो उसने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी। सूचना मिलते ही लाइनपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो चेतन मृत मिला। सूचना के बाद एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल की जांच की गई। प्राथमिक जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।