केएमपी टोल बैरिकेड्स के नीचे धरने पर बैठे किसान। संवाद
- फोटो : Bahadurgarh
कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस हाईवे पर टोल वसूलने की प्रक्रिया शुरू करने के बाद किसानों ने टोल पर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। किसानों ने टोल फ्री करवाने की रणनीति के तहत किसान संगठनों के आह्वान पर टोल पर धरना शुरू किया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन टोल प्रबंधक की ओर से टोल फ्री कर दिया गया। जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर ढांसा बॉर्डर की ओर रुख कर लिया।
किसान संगठनों के आह्वान पर पिछले करीब दो माह से अधिकतर टोल फ्री किए गए हैं। इसी के तहत केएमपी पर बादली टोल भी फ्री है, लेकिन पिछले दो दिन से टोल वसूलने की प्रक्रिया दोबारा से शुरू कर दी गई थी। किसानों को जब टोल वसूलने की जानकारी मिली तो एक प्रतिनिधिमंडल किसान यूनियन के दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र डागर के नेतृत्व में टोल पर पहुंचा। उन्होंने टोल प्रबंधक से टोल नहीं वसूलने का आह्वान किया। इस दौरान कर्मचारियों ने टोल वसूलना जारी रखा तो किसान नेताओं और आर्म्स बैरिकेड्स हटा दिए। वाहनों को फ्री में गुजारना शुरू कर दिया। किसान नेताओं ने टोल के बीचोंबीच बैठक धरना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया। टोल मैनेजर की ओर से टोल फ्री किए जाने पर किसानों का प्रतिनिधिमंडल लौट गया।