बहादुरगढ़। उपमंडल के गांव मातन में एक किसान पर उसके खेत में बने कोठड़े में ही जानलेवा हमला कर दिया गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात 22 नवंबर की है, लेकिन किसान ने अब पुलिस को शिकायत दी है।
आरोप गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो पुत्रों पर लगा है। बताया कि किसान को लाठी-डंडों से 8-10 लोगों ने बुरी तरह पीटा है। गांव मातन के रामबीर (45) ने बताया कि वह 22 नवंबर की शाम करीब पौने सात बजे अपने दोस्त कुलदीप के साथ खेत में बने कोठड़े में बैठा था। तभी 8-10 हमलावर डंडे व लाठी लेकर वहां आ पहुंचे और उसे घेर लिया।
एक हमलावर ने उसके सिर पर जोरदार प्रहार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और खून बहने लगा। इस बीच बाकी हमलावरों ने भी डंडों से उसके सिर, पैर, कमर और हाथों पर हमला किया। बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे कुलदीप को भी धमकाया गया कि जान प्यारी है, तो बीच में मत आ।
हमलावर जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। रामबीर ने बताया कि 19 नवंबर को उसके गांव के रविंद्र उर्फ देसी से उसकी बहस हुई थी, जिसने उसे देख लेने की धमकी दी थी। 21 नवंबर को रविंद्र के बेटे प्रिंस उर्फ भोली और अंकित भी उसे मिले और पिता की बेइज्जती का बदला लेने की बात कह रहे थे।
आरोप है कि प्रिंस और अंकित ने साजिश के तहत हमला करवाया, इसलिए इनके साथ-साथ अन्य अज्ञात हमलावरों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। शिकायत पर आसौदा थाना पुलिस ने पिता-पुत्रों के अलावा 8-10 हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।