बहादुरगढ़। झज्जर रोड पर डाबोदा गांव के पास हुए सड़क हादसे में गांव धौड़ निवासी 49 वर्षीय किसान नवीन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवीन सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल को वह अपनी मोटरसाइकिल पर बहादुरगढ़ से अपने गांव लौट रहे थे। डाबोदा गांव पार करने के बाद नहर के पास सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार घायल के पैरों का ऑपरेशन हुआ और लंबे इलाज के बाद अब वह बयान देने की स्थिति में आया है। थाना सदर प्रभारी विकास कुमार का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई में जुटी हुई है।