इलाके में तीन जगह पड़ाव डालकर बैठे आंदोलनकारी किसान बहुत सहज रहते हुए प्रचंड आंदोलन चला रहे हैं। उनकी सहजता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे कई अनूठे तरीकों से अपना जमकर अपना मनोरंजन करते हैं।
बहादुरगढ़ में नेशनल हाइवे-9 पर करीब 15 किलोमीटर तक किसानों के ट्रैक्टर-ट्राली और दूसरे वाहन खड़े हैं। करीब 10 किलोमीटर तक एक साइड का मार्ग तीन दिन से जाम है। जबकि करीब दो किलोमीटर का रोड दोनों तरफ से बंद है। नयागांव रोड पर निर्माणाधीन आटो मार्केट की विशाल पार्किंग में ठहरे किसान बहुत मस्ती से रह रहे हैं। वे अपना भोजन खुद बनाते हैं और कपड़े धोते हैं। दिनचर्या के लिए जरूरी कार्यों के बाद वे अपना जमकर मनोरंजन करते हैं। लाउडस्पीकर पर चल रहे पंजाबी गीतों पर भंगड़ा करते हैं। कई जगह गुरबाणी का पाठ चलता है। ताश खेलते हैं। रविवार को इन किसानों ने बुजुर्ग किसान को दूल्हे का रूप दिया और ट्रैक्टर पर बैठाकर अपने कैंप में यात्रा निकाली। इस दौरान विवाह समारोहों में चलने वाले ढोल जगीरों दा.... आदि पंजाबी गीतों पर किसानों ने जमकर डांस किया।
ये किसान कथित बुजुर्ग दूल्हे को सरकार के बड़े नेताओं का दामाद बताते हुए जमकर ठहाके लगा रहे थे। दूल्हे की इस यात्रा के तमाम किसानों फोटो लिए और वीडियो बनाए। बहुत से किसानों ने उसके साथ सेल्फी ली। किसानों के पड़ाव के दृश्यों से लगता है कि आंदोलनकारी किसानों में किसी तरह का तनाव नहीं है। वे बहुत सहज लगते हैं।