सिलानी गांव में एक किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर पड़ोसियों व बिजली निगम के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि अभी तक मृतक के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई है। शव से विसरा लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पुलिस को मृतक के परिजनों ने दी शिकायत में कहा है कि उदयपाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी सिलानी जालिम के मकान के पीछे ही एक उसका खाली प्लाट पड़ा हुआ है। इसी प्लाट में वह किसी काम से गया था। उसी दौरान ही उसका पांव पड़ोस के ही एक मकान में उसके प्लाट से जा रहे बिजली के नंगे तार को छू गया। तार नंगे होने की वजह से बिजली के करंट की चपेट में आ गया। उदयपाल की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। किसान उदयपाल के परिजनों ने इस बारे में पुलिस को दी शिकायत में पड़ोस में ही रहने वाले तीन लोगों व बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई है। जांच के लिए विसरा भेजा गया है। उसकी मौत के असल कारणों का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद हो पाएगी।
- राजेश कुमार, एसएचओ, सदर पुलिस थाना, झज्जर।