बहादुरगढ़। दलाल खाप-84 की ओर से बहादुरगढ़ में शुक्रवार को होने वाली किसान महापंचायत में संयुक्त मोर्चा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य कई किसान नेता गरजेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए दलाल खाप ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। किसान महापंचायत की तैयारियों में खाप के लोग वीरवार को दिनभर जुटे रहे। महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा की केंद्रीय कमेटी के नेताओं अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल और राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढ़ूनी, अभिमन्यु व युद्धवीर सिंह आदि नेताओं के भाग लेने की संभावना है
कंडेला में हुई किसान महापंचायत में अधिक वजन होने पर मंच टूटने की घटना से सबक लेकर बहादुरगढ़ की महापंचायत के लिए लोहे का मजबूत मंच तैयार करवाया गया है। इसकी लंबाई 100 फुट और चौड़ाई 30 फुट रखी गई है। खाप प्रतिनिधियों ने बताया कि दलाल खाप की ओर से आयोजित किसान महापंचायत में जो भी जिम्मेदारी जिस भी व्यक्ति या गांव को मिली थी सभी अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने में लगे हुए हैं, ताकि महापंचायत में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वीरवार को देर शाम तक तैयारियां चलती रहीं। दलाल खाप के अध्यक्ष चौ. भूप सिंह और अन्य प्रमुख लोगों ने वीरवार को महापंचायत स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।
चौ. भूप सिंह ने कहा कि दलाल खाप-84 ने सभी खापों को भी निमंत्रण भेजा है। इसलिए एक लाख से अधिक किसानों के आने की संभावना है। सभी के लिए देशी घी हलवा के साथ अन्य व्यंजन बनाने की तैयारी की जा रही है। लोगों के बैठने के लिए 10 एकड़ जमीन को व्यवस्थित किया गया है। ट्रैक्टर आदि वाहन खड़े करने के लिए 15 एकड़ निर्धारित की गई है। महापंचायत में संयुक्त किसान मोर्चा की केंद्रीय कमेटी के नेताओं अध्यक्ष बलबीर सिंह राजेवाल और राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढ़ूनी, अभिमन्यु व युद्धवीर सिंह आदि नेताओं के भाग लेने की संभावना है। महापंचायत के माध्यम से किसान हित में बड़े आह्वान किए जा सकते हैं।
बहादुरगढ़ में आंदोलनकारियों के करीब 15 किलोमीटर लंबे पड़ाव में डटे हुए पंजाब और हरियाणा के भी हजारों किसान महापंचायत में मौजूद रहेंगे। महापंचायत को सफल बनाने के लिए दलाल खाप से जुड़े लोगों ने गांव-गांव जाकर किसानों को न्योता दिया है। उधर, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव दीपक देशवाल दुल्हेड़ा ने भी कई गांवों के दौरे तक ग्रामीणों को महापंचायत का निमंत्रण दिया। देशवाल ने कहा कि यह पंचायत अब तक किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा में हुई सारी पंचायतों के भीड़ के रिकॉर्ड तोड़ देगी। उन्होंने कहा कि दुल्हेड़ा गांव से 300 ट्रैक्टरों व ट्रॉलियों से किसान महापंचायत में शामिल होंगे।
देशवाल ने डाबोधा, सिलोठी, छुड़ानी, बुपनियां और ढांसा बॉर्डर के धरनास्थल पर जाकर किसानों से महा पंचायत में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज देश का अन्नदाता जागरूक हो चुका है। इसलिए दिन प्रतिदिन आंदोलन देशभर में मजबूत हो रहा है। देशवाल ने भाजपा सरकार से अपील की कि जन भावनाओं की कद्र करते हुए जल्द से जल्द तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करे और कानून बनाकर एमएसपी की गारंटी दे। इस मौके पर मोनू साध, हवासिंह, कृष्ण, नरेश, जयकिशन, संजय सरपंच, शौरी मास्टर, भले गुरुजी, रामहेर मास्टर, कालू पंडित जी व सचिन आदि गणमान्य मौजूद थे।