बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की ब्लॉक कमेटी बहादुरगढ़ की सतबीर सिंह की अध्यक्षता में शहर में छोटूराम धर्मशाला के पास रोहतक रोड पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें 15 जुलाई को अखिल भारतीय स्तर पर मांग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर धरना प्रदर्शन किए जाएंगे और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं के संपूर्ण व्यापार को सरकार द्वारा अपने हाथ में लेने और एमएसपी को कानूनी रूप देने, बिजली बिल 2023 को रद्द करने की मांग की गई। किसानों और खेत मजदूरों को ऋण मुक्त करने के अलााव 10 हजार रुपये महीना पेंशन देने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार लागत से डेढ़ गुना दामों पर फसल खरीद की गारंटी का कानून बनाने से मोदी सरकार मुकर गई है। बिजली बिल 2023 के तहत बिजली को प्राइवेट कंपनियों को देने पर उतारू है। स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। बेरोजगारी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ऐसे हालात में किसान, खेत मजदूरों समेत मेहनतकश जनता का जीना दूभर हो गया है, इसलिए संगठन किसान खेत मजदूरों की ज्वलंत मांगों को लेकर 15 जुलाई को पूरे प्रदेश में ब्लॉक स्तर पर धरना प्रदर्शन करेगा तथा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देगा। बैठक में सतीश कुमार, लालजी, जिले सिंह, रणबीर तथा अन्य उपस्थित थे।