शिक्षा बोर्ड के तमाम दावों और इंतजाम के बावजूद मंगलवार को 10वीं और 12 वीं की परीक्षा में जमकर नकल चली। बाहरी युवकों ने परीक्षा केंद्रों पर जमकर दखल दिया और नकल कराने की कोशिश की। मंगलवार को दोनों ही कक्षाओं का इंग्लिश विषय का पेपर था। इसमें 10वीं और 12 दोनों परीक्षाओं में एक-एक केस परीक्षार्थियों पर बनाए गए। वहीं परीक्षा की पवित्रता भंग होने के चलते भारतीय विद्या मंदिर स्कूल आर्यनगर का परीक्षा केंद्र रद्द कर दिया गया है। वहीं इस केंद्र पर शाम को हुई 12वीं की परीक्षा भी कैंसिल कर दी गई है। इस परीक्षा केंद्र के छात्र अब आगे की परीक्षाएं सांपला रोड स्थित माडर्न स्कूल में देंगे। जिला शिक्षा अधिकारी सतबीर सिवाच ने बताया कि भारतीय विद्या मंदिर स्कूल में ज्यादा गड़बड़ी के चलते शिक्षा बोर्ड के द्वारा ऐसा निर्णय लिया गया है।
जमीन पर देनी पड़ी छात्रों को परीक्षा
शिक्षा विभाग ने परीक्षार्थियों के लिए भले ही डेस्क का इंतजाम करने की बात कही थी लेकिन धरातल पर सिर्फ ये कोरे दावे ही साबित हुए। परीक्षा के दौरान छात्राओं को जमीन पर बैठकर ही परीक्षा देनी पड़ी। डेस्क की बात करने वाला शिक्षा विभाग छात्रों को टाट-पट्टी भी उपलब्ध नहीं करवा पाया। वहीं परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों के जूते-चप्पल गेट पर ही उतरवा लिए गए थे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना था कि जूतों में नकल ले जाने के चलते ऐसा किया जा रहा है।