झज्जर। नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय का सभागार शुक्रवार को खिल हुए चेहरों से दमक उठा। मौक ा था अमर उजाला के भविष्य ज्योति के कार्यक्रम का। अपने जनसरोकारों से प्रतिबद्ध अमर उजाला की ओर से पुरस्कार पाकर मेधावियों ने कहा कि सम्मान पाकर हमें प्रोत्साहन मिलता है।
मुख्य अतिथि झज्जर के एडीसी जगनिवास ने कहा कि विद्यार्थी को अपने जीवनकाल में सकारात्मक ऊर्जा के साथ शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए, जीवन की सफलता का रहस्य भी यही है। यह विचार झज्जर के एडीसी जगनिवास ने व्यक्त किए। कार्यक्रम में सीबीएसई और हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी के सत्र 2019-20 में 10वीं और 12वीं कक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 300 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
अमर उजाला भविष्य ज्योति छात्र सम्मान कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम शिखा ने की। जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दलजीत सिंह, सक्षम के नोडल अधिकारी सुदर्शन पूनिया सहित अन्य स्कूल निदेशकों व शिक्षकों ने भी अपने विचार इस कार्यक्रम में साझा किए। एडीसी जगनिवास ने अमर उजाला के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने वाली योजना भविष्य ज्योति की सराहना की। एसडीएम शिखा ने कहा कि आज के युग में मोबाइल पर बच्चे ज्यादा समय व्यतीत करते हैं। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि मोबाइल का प्रयोग किस संदर्भ में कितना हो रहा है, यह देखना होता है। चूंकि बच्चों के लिए सर्च करने के पॉजिटिव व निगेटिव दोनों ही ऑप्शन होते हैं। इसलिए सकारात्मक ऊर्जा का होना जरूरी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा ने स्कूल संचालकों का आह्वान किया कि वे बच्चों के मन से स्टेज पर आने का जो भय होता है उसे दूर करें। जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा ने मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे दूसरे बच्चों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दलजीत सिंह ने कहा कि हर अभिभावक की अपने बच्चों से आशाएं होती हैं। ऐसे में हर बच्चे पर प्रतिस्पर्धा का दबाव भी रहता है। मगर बच्चों को उनकी प्रतिभा के अनुसार अवसर प्रदान करना चाहिए। इससे बच्चों की सफलता का प्रतिशत बढ़ जाता है।
कार्यक्रम में सक्षम के नोडल अधिकारी सुदर्शन पूनिया ने भी बच्चों के प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में ग्रामीण स्कूल छारा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जबकि संस्कारम स्कूल खातीवास की छात्राओं ने कविताओं की प्रस्तुति देकर प्रभावित किया। जीवन ज्योति स्कूल सौंधी की शिक्षिका ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में किड्स शैशव स्कूल की निदेशक ऊषा गहलौत, जीएम स्कूल छारा से ओमप्रकाश, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से राजबीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का सफल का संचालन संजय शर्मा ने किया।
अधिकारियों को भेंट किए स्मृति चिह्न
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीसी जगनिवास ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एडीसी जगनिवास, एसडीएम शिखा, डीईओ बीपी राणा, डीईईओ दलजीत सिंह, सुदर्शन पूनिया, डीआईपीआरओ दिनेश हरित व मंच संचालक संजय शर्मा को अमर उजाला की ओर से स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
श्रेष्ठ शिक्षा सेवा सम्मान से किया सम्मानित
अमर उजाला, झज्जर ने इस कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विभिन्न स्कूलों चेयरमैन व निदेशकों को भी श्रेष्ठ शिक्षा सेवा सम्मान प्रदान करके सम्मानित किया। आदर्श स्कूल, दादनपुर के चेयरमैन रणधीर सिंह गहलौत, ग्रामीण स्कूल छारा के ओमप्रकाश दलाल व सतेंद्र कुमार ने यह सम्मान प्राप्त किया। संस्कारम स्कूल के चेयरमैन महिपाल की ओर से शिक्षक संदीप कुमार ने सम्मान प्राप्त किया। द हाइट्स की ओर से नवेंद्र कुमार, द्रोणाचार्य हैरिटेज की ओर से कंचन पाठक की जगह उनके प्रतिनिधि, मदर इंडिया स्कूल की ओर से जीवन ज्योति स्कूल सौधी की नीलम गुलिया, बीकेडी साल्हावास से जितेंद्र कुमार, एमआरएम से संदीप कुमार, वीके स्कूल पाटौदा से बलवंत व सीमा ने सम्मान प्राप्त किया। सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत केडी शर्मा को सामाजिक सेवा सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित करते एडीसी जगनिवास। संवाद- फोटो : Jhjhar