-फोटो 61 : दसवीं कक्षा का गणित का पेपर देकर परीक्षा केंद्र से बाहर आते विद्यार्थी। संवाद
बहादुरगढ़। हरियाणा बोर्ड की शुक्रवार को 10वीं की गणित की परीक्षा हुई। गणित का आसान पेपर देख विद्यार्थियों के चेहरे खिल गए। न समय को लेकर छात्र-छात्राओं को समस्या आई और न ही प्रश्न पत्र के स्तर को लेकर। कुल मिलाकर विद्यार्थियों का यही मानना था कि पेपर अच्छा होने से बेहतर अंक आने पर उनका परिणाम भी अच्छा आएगा। स्कूल से परीक्षा देकर बाहर आए विद्यार्थी खुश नजर आए।
शहर की नई बस्ती स्थित न्यू ईरा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र से गणित का पेपर देकर साढ़े तीन बजे बाहर आई विद्यार्थी वैष्णवी, नदिंनी, महक, अन्नू, प्राची, नीरज, संदीप व प्रियांक ने बताया कि पेपर देने से पहले डर लग रहा था कि पता नहीं पेपर कैसा आएगा। प्रश्न पत्र हाथ में आया तो दिल खुश हो गया। उन्होंने कहा कि घर के सब बड़े यही कहते थे कि गणित का पेपर बहुत कठिन आता है, पढ़ाई कर लो। पेपर बहुत आसान आया था। विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा के लिए खूब अभ्यास किया था, अनसोल्ड से लेकर सैंपल पेपर तक सब किया था, मेहनत सफल हुई। पेपर अच्छा हुआ है। विद्यार्थियों ने कहा कि वे स्कूल के कमरे में डरते-डरते घुसे थे, लेकिन बाहर निकले हैं तो हंसते खिलखिलाते। गणित का डर मन से निकल गया।