फरवरी माह में एक महिला कर्मचारी के साथ बलात्कार के आरोपी कार्यकारी अभियंता एवं एक जेई को स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम ने आज उनके कार्यालय से गिरफ्तार किया है। कार्यालय में तैनात कर्मचारी के साथ बलात्कार करने के दोनों आरोपियों को गिरफ्त में लेने के बाद उन्हें अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। क्राइम ब्रांच द्वारा दोपहर के समय में अमल में लाई गई कार्यवाही को लेकर दिन भर सिंचाई भवन में हड़कंप मचा रहा। हालांकि विभाग की ओर से भी इस मामले में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं दिखा।
उल्लेखनीय है कि जिले के एक गांव क ी महिला विभाग के झज्जर स्थित मुख्य कार्यालय में कार्य करती थी। फरवरी माह में पुलिस को दी अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया था कि विभाग के कार्यकारी अभियंता अमरिक सिंह आर्य तथा जेई संजीव देशवाल ने वारदात की रात सरकारी क्वार्टर में उसे अकेला पाते हुए उसके साथ बलात्कार किया। जिसके आधार पर जिला पुलिस द्वारा मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई अमल में लाई गई।
हालांकि मामला दर्ज होने के बाद काफी समय बीच चुका था, और आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर ही चल रहे थे। बताते है कि इसलिए एक पक्ष की ओर से इसकी शिकायत स्टेट क्राइम ब्रांच पंचकूला को की गई। जिसके आधार पर चली जांच में दोनों को प्रारंभिक रूप से वारदात का दोषी पाया गया। एसपी बलबीर सिंह ने दोनों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा अमल में लाई जा रही थी और उसी के तहत ही उनकी ओर से गिरफ्तारी अमल में लाई गई है।