बहादुरगढ़। वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों को दूर करवाने सहित अन्य मांगों को लेकर भूतपूर्व सैनिकों ने किया प्रदर्शन। पूर्व सैनिकों ने बालौर रोड स्थित शहीद भगत सिंह पार्क से लेकर लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व सैनिक श्रीनिवास छिकारा और अन्य सेवामुक्त वरिष्ठ पूर्व सैनिकों ने किया। देशभक्ति के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी पूर्व सैनिक लघु सचिवालय तक पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में वन रैंक वन पेंशन की विसंगतियों से जुड़ी तख्तियां भी ले रखी थी। भूतपूर्व सैनिकों ने बताया कि सरकार ने वन रैंक वन पेंशन स्कीम में जवानों और अफसरों की पेंशन के बीच भारी अंतर कर रखा है। बैटल केटेगरी में भी सैनिकों के साथ भेदभाव किया गया है। भूतपूर्व सैनिक की विधवा को भी बहुत कम पेंशन दी जा रही है, जिसे 50 प्रतिशत करने की मांग की गई है। मिलिट्री सर्विस पे में भी जवान और अफसर के बीच काफी भेदभाव है। जिसे दूर करने की मांग की गई है। भूतपूर्व सैनिकों ने अग्निवीर योजना भारतीय फौज के अफसरों पर भी लागू करने की मांग की है। प्रदर्शन करते हुए पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए वह कभी पीछे नहीं हटे। अब अपने हकों के लिए भी लगातार संघर्ष करते रहेंगे जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जाती। भूतपूर्व सैनिकों की विधवा और सैनिक परिवारों की महिलाओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन इमें ईएसएम धर्मबीर, विजयपाल दलाल, रमेश कुमार, रामअवतार व बलवान सिंह के अलावा अन्य शामिल रहे।