बहादुरगढ़। उद्यमियों की सबसे बड़ी संस्था बहादुरगढ़ चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) की कार्यकारिणी के 21 सदस्यों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन सोमवार को 25 सदस्यों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। अब कुल नामांकनों की संख्या 28 हो गई है। ऐसे में अगर सात सदस्यों ने नामांकन पत्र वापस ले लिया तो सभी सदस्य निर्विरोध भी चुने जा सकते हैं।
उधर, कॉन्फेडरेशन ऑफ बहादुरगढ़ इंडस्ट्री (कोबी) के कुछ सदस्यों ने इस चुनाव का बहिष्कार किया है और नामांकन पत्र भी दाखिल नहीं किए। इन सदस्यों ने सोमवार को फर्म्स एवं सोसाइटीज की जिला रजिस्ट्रार के कार्यालय में ज्ञापन देकर विरोध दर्ज किया। कोबी के प्रधान प्रवीण गर्ग ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहे। मतदाता सूची में धांधली है। उनकी ओर से कई बार शिकायत दी गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए वे इस चुनाव का विरोध कर रहे हैं और इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का भी दरवाजा खटखटाएंगे। वे प्रशासक नियुक्त करके नए सिरे से मतदाता सूची बनाकर चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एक तरफ कोबी गुट के सात सदस्य ज्ञापन देने गए थे दूसरी तरफ इसी गुट के सदस्य रवि चमडिय़ा जो शुरू से ही इस चुनावी प्रक्रिया का विरोध जता रहे थे, उन्होंने सुभाष जग्गा गुट से नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में इस चुनाव को लेकर कोबी गुट के सदस्यों में भी सेंध लग गई। अब देखना यह होगा कि पांच अप्रैल को कौन-कौन उम्मीदवार अपना नाम वापस लेता है। नामांकन वापसी के बाद बीसीसीआई के चुनाव की तस्वीर बिल्कुल साफ हो जाएगी।
कुछ जता रहे विरोध
एक दिन पहले कोबी गुट के 27 लोगों ने चुनाव का विरोध करने के लिए फर्म एवं सोसायटी की जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में ज्ञापन देनेे की बात कही। इनमें विपिन बजाज, प्रदीप कौल, सुशील पारीक, दीपक शर्मा, सुरिंद्र सिंह, पुरुषोत्तम गोयल, रवि चमारिया, गुरप्रीत सिंह, विवेक खुल्लर, राजेश गर्ग, सुनील गर्ग, वजिंद्र यादव, अशोक मित्तल, ऋषि गुप्ता, संजय जैन, दीपक सहनी, गणेश गुप्ता, विकास गुप्ता, संदीप टंडन, पवन लाकरा, सचिन, रचित, चिराग सिंगल, सत्यवीर हुड्डा, बलवीर सिंह, रामभगत यादव, प्रवीण गर्ग आदि शामिल रहे। मगर फर्म एवं सोसायटी की जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में सोमवार को सिर्फ सात सदस्य ही ज्ञापन देने पहुंचे। इनमें गजेंद्र, सुनील, दीपक शर्मा, प्रवीण गर्ग, प्रदीप कौल, सुरेंद्र वशिष्ठ व रमेश महला के नाम शामिल हैं।
28 ने किए नामांकन
बीसीसीआई चुनाव के लिए 28 सदस्यों ने नामांकन दाखिल किए हैं। आखिरी दिन 25 सदस्यों ने नामांकन किए। अब तक कमलकांत वर्मा, सुभाष जग्गा, राजकुमार गर्ग, अखिल मित्तल, विरेंद्र कुमार, विकास आनंद दहिया, अनिल चानना, नरेश बंसल, संजय गुप्ता, मनोज सिंघल, पवन जैन, नरेंद्र छिकारा, हरी शंकर बाहेती, अनिल बंसल, रविंद्र कुमार, नितिन जैन, जेके अग्रवाल, रवि प्रकाश चमारिया, अर्पन गुप्ता, कमल किरण सेठ, अजय खट्टर, इंदजीत सिंह सलूजा, विनोद बंसल, सतनारायण बंसल, अनिल गुप्ता, कृष्ण गोयल, सतीश कुमार व गजेंद्र सिंह ने नामांकन किया है।
उद्योग हित में करेंगे कार्य : सुभाष जग्गा
बीसीसीआई के पूर्व महासचिव सुभाष जग्गा ने बताया कि हम इंडस्ट्री का भला चाहते हैं। कुछ मजबूरियों की वजह से पहले संस्था के चुनाव नहीं हो सके थे। अब चुनाव हो रहे हैं तो दूसरे साथियों को भी आगे आकर चुनाव लड़ना चाहिए था। अगर हम चुनकर आते हैं तो इंडस्ट्री की भलाई के लिए कार्य करेंगे।