बहादुरगढ़। क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने शनिवार को सेक्टर-6 स्थित ईसीएचएस पाॅलीक्लीनिक में 8वां वेटरन सैनिक डे मनाया। इस अवसर पर देश रक्षा में पूर्व सैनिकों के योगदान पर चर्चा भी हुई। साथ ही पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
पॉलिक्लीनिक के ओआईसी कर्नल राजेंद्र ने पूर्व सैनिकों को संबोधित किया। पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर भी बातचीत हुई। खासतौर पर ईसीएचएस और जिला सैनिक बोर्ड में होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए मंथन किया गया। पूर्व सैनिक संगठन बहादुरगढ़ के प्रधान श्रीनिवास छिकारा ने कर्नल राजेंद्र को पूर्व सैनिकों की समस्याओं से अवगत कराया और समाधान के लिए कई तरह के उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि इस बार यह 8वां वेटरन डे रहा। यह आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं के पहले कमांडर इन चीफ फील्ड मार्शल केएम करियप्पा, ओबीई के सेना में दिए गए अतुलनीय योगदान की याद में हर साल मनाया जाता है। कार्यक्रम में कर्नल राजेंद्र के अलावा कैप्टन हंसराज, कैप्टन सोमपाल, सूबेदार मेजर धर्मबीर, संगठन के उप प्रधान महेंद्र सिंह सांखोल, सूबेदार विजयपाल, एनएस कपूर, रण सिंह डागर व रणधीर सिंह तूर समेत काफी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भाग लिया।