हरियाणा सरकार में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार का मौजूदा बजट हर जन के लिए सकारात्मक रूप से सहयोगी रहेगा। आम बजट में हर तबके का ध्यान रखा जाएगा और अर्थव्यवस्था की मजबूती को ध्यान में रखते हुए बजट पारित होगा। कैप्टन अभिमन्यु सोमवार को गांव मेहंदीपुर डाबोदा कलां में आयोजित देश प्रेम दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
बातचीत के दौरान कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद मोदी द्वारा नोटबंदी का लिया गया फैसला आतंकवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार व कालाधन रखने वालों के खिलाफ आर्थिक दृढ़ता का सफलतम कदम है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का जो यह फैसला लिया गया है यह आर्थिक आजादी के रूप में सशक्त निर्णय है। काले धन पर रोक लगाते हुए सरकार ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए कार्य किया है ताकि आमजन को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाया जा सके। एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्री ने कहा कि आमजन के हितों को देखते हुए जीएसटी एक जुलाई से लागू होने जा रहा है। यह भी आर्थिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नेता जी सुभाष चंद्र बोस को स्मरण करते हुए कहा कि किन परिस्थितयों में नेता जी गायब हुए और आज तक उनका कोई पता क्यों नहीं चला यह भी शोध व अनुसंधान का विषय है।