बहादुरगढ़। परनाला में किराना दुकानदार की हत्या को 120 घंटे बीत गए हैं, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर है। आरोपियों का अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपियों की गिरफ्तार न होने से मृतक सतबीर के परिवार में पुलिस के प्रति काफी रोष है।
वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। उन्हें पकड़ने के लिए लाइनपार थाना के अलावा सीआईए-1, 2 और एवीटी पुलिस टीमें लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी भी खंगाले हैं।गत रविवार को परनाला गांव में सुबह साढ़े 6 बजे एक किराना दुकानदार सतबीर (58) की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या का आरोप गांव के ही दो भाईयों सागर और साहिल के अलावा उनके साथी पर लगा है। हत्या करने के बाद तीनों हथियार लहराते हुए मोटरसाइकिल पर भाग गए थे। मामले में पुलिस के उच्चाधिकारियों लाइनपार थाना प्रभारी पवनवीर को लाइन हाजिर कर दिया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
मृतक के बेटे तरुण ने गांव में उनके पड़ोस में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों के मकान भी आसपास ही हैं। उसी प्रेम विवाह की रंजिश के चलते इस वारदात का शक जताया गया है। मृतक के भाई मोहर सिंह ने कहा कि घटना को पांच दिन बीत गए हैं, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें काम कर रही हैं। इनमें लाइनपार थाना, सीआईए-1 और 2 के अलावा एवीटी की टीमें भी शामिल हैं। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
-मयंक मिश्रा, डीसीपी, बहादुरगढ़।