बहादुरगढ़। सोमवार की सुबह आई बारिश के बंद होने के 36 घंटे बाद भी शहर के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों मेंं पानी भरा रहा। मुख्य स्थानों पर पानी भरने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दरअसल जिन स्थानों पर पानी की निकासी की व्यवस्था सही नहीं है, वहां पर हल्की बारिश के बाद भी पानी जमा हो जाता है और कई दिनों तक भरा रहता है। इससे वहां पर लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
झज्जर रोड पर सेक्टर-2 मोड़, सेक्टर-7 हाउसिंग बोर्ड, बहादुरगढ़ बाईपास, धर्म विहार, बराही फाटक, छोटूराम नगर, सैनीपुरा कॉलोनी, झज्जर रोड पर सब्जी मंडी में पानी की निकासी की व्यवस्था के सही इंतजाम न होने के कारण सड़क पर काफी पानी एकत्रित रहा। लोगों को आवागमन में मशक्कत हुई।
शहरवासी प्रदीप कुमार, सतीश शर्मा, सुनील कुमार, जितेंद्र कुमार ने बताया कि पानी की निकासी न होने से यहां पर तालाब जैसे हालात बन जाते हैं। कई बार अधिकारियों से यहां पर पानी की निकासी के सही इंतजाम कराने की मांग की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
मानसून सीजन में होने वाली बारिश का पानी एक से डेढ़ फीट तक हर समय जमा रहता है। सोमवार की सुबह हुई बारिश के बाद भी यहां पर पानी जमा रहा। धर्म विहार कॉलोनी निवासी रविंद्र कुमार, अमित कुमार, रवि कुमार ने बताया कि जिस सड़क पर धर्म विहार कॉलोनी में यह पानी खड़ा है यह मार्ग आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र और परनाला गांव को जोड़ता है।
इस मार्ग की स्थिति आज नहीं बल्कि वर्षों से ऐसी ही है। यहां पर पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं है। यह पानी कई-कई दिनों तक खड़ा रहता है। प्रशासनिक अधिकारी भी यहां पर पानी की निकासी के लिए कोई कोशिश नहीं करते। ऐसे में कॉलोनी के लोगों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ती है।
अब बारिश हुई तो फिर से पानी जमा हो गया और निकासी नहीं हो पाई। वहीं, दिल्ली-रोहतक रोड पर बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के नीचे पानी की निकासी के कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में बारिश होने के कई दिनों बाद तक पानी जमा रहता है। इस गंदे पानी में मक्खी-मच्छर पनपते रहते हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।