बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज व फुटवियर पार्क एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। उन्होंने शहरी स्थानीय निकाय राज्य मंत्री सुभाष सुधा और टीएल सत्यप्रकाश चीफ एडमिनिस्ट्रेटर एचएसवीपी के साथ बैठक कर समस्याएं बताईं। उद्यमियों ने जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग के धमकी भरे कॉल आने की जानकारी दी। फटवियर से जीएसटी घटाने की मांग उन्होंने उठाई।
बैठक में पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मुख्य रूप से फुटवियर पर जीएसटी घटाने, फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ जबरन वसूली और ब्लैक मेलिंग करने के मामले उनके समक्ष रखे। सीएम ने उद्यमियों को सभी समस्याओं के समाधान के साथ कानून व्यवस्था ठीक करने का आश्वासन दिया।
बीसीसीआई व फुटवियर पार्क एसोसिएशन के प्रधान सुभाष जग्गा ने बताया कि बैठक के दौरान एमआइई के फ्री होल्ड प्लॉट और शामलात प्लॉट से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही फुटवियर पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करवाने के लिए प्रदेश सरकार से केंद्र सरकार तक बात पहुंचाने और कम करवाने का अनुरोध किया। उद्यमियों ने बहादुरगढ़ में अग्निशमन सेवाओं में सुधार करते हुए फायर की गाड़ियां बढ़ाने और जल्द से जल्द स्टाफ की नियुक्ति करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यह समस्या दूर होने के साथ-साथ क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ेगी और आग लगने के कारण होने वाले नुकसान को बचाया जा सकेगा।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने सीएम को बताया कि बहादुरगढ़ क्षेत्र में व्यापारियों व कुछ लोगों के पास ब्लैकमेलिंग के कॉल आ रहे हैं। उनसे जबरन वसूली की कोशिश की जा रही है। धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। इससे व्यापारी वर्ग भय के साये में है। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को प्राथमिकता पर देखने और कानून व्यवस्था को ठीक करने का आश्वासन दिया। प्रधान सुभाष जग्गा ने बताया कि सीएम नायब सैनी ने जल्द बहादुरगढ़ का दौरा करके उद्यमियों की समस्याएं सुनने की बात कही। इस महत्वपूर्ण बैठक में सत नारायण बंसल, संजय नारंग और सिद्धार्थ दूबे उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर व्यापारियों के हितों के लिए ठोस और सकारात्मक चर्चा की। उद्यमियों ने विश्वास जताया कि बैठक के परिणामस्वरूप मुद्दों का समाधान तेजी से होगा और बहादुरगढ़ के विकास में नए आयाम जुड़ेंगे।