बहादुरगढ़। आसौदा गांव में स्थित एक फैक्टरी में रात में घुसकर कई कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। मारपीट का आरोप कंपनी के ही दो चौकीदारों समेत पांच लोगों पर है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में सतबीर निवासी गांव रोहद ने बताया कि वह आसौदा स्थित पाइप फैक्टरी में नौकरी करता है। सतबीर ने बताया कि 18 जनवरी की रात को 11:30 बजे वह अपने साथियों रविंद्र गार्ड, देवेंद्र, छमबीर और मंजीत के साथ कंपनी के गेट को बंद करके अलाव सेंक रहे थे। इसी दौरान फैक्टरी में चौकीदार की नौकरी करने वाले मोहित व विवेक वहां आ गए और जबरन गेट खोलने का दबाव बनाने लगे।
जब उन्होंने गेट नहीं खोला तो वे उस समय तो वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने तीन चार अन्य साथियों के साथ एक कार में सवार होकर पहुंच गए। सभी के हाथ में डंडे थे। वे सभी फैक्टरी के गेट पर चढ़कर अंदर आ गए और यह कहते हुए उन्हें मारने लगे कि इन सब को गेट ना खोलने का मजा चखाते हैं। इस हमले में मुझे सिर, हाथ समेत कई अंगों पर चोटे आई। जबकि छमबीर व देवन्द्र भी चोटिल हो गए। आरोप है कि जब वे उन्हें चोट मार रहे थे तो वे अनुज, राहुल और सचिन का नाम लेकर कह रहे थे कि आज इन्हें मजा चखाते है। इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसी दौरान फैक्टरी में काम करने वाले मोहित को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे रोहतक के पीजीआइएमएस में रेफर कर दिया गया। अब हालत में सुधार होने के बाद पुलिस को शिकायत दी गई है। आसौदा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।