-फोटो 54 : रेलवे रोड पर रेहड़ी संचालक का चालान करते नप अधिकारी।
बहादुरगढ़। शहर के रेलवे रोड पर एक तरफ जहां नगर परिषद और यातायात पुलिस अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही है। वहीं दूसरी तरफ दुकानदार हैं कि अतिक्रमण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शहर के रेलवे रोड पर दुकानदारों और नगर परिषद, यातायात पुलिस के बीच तू डाल-डाल, मैं पात-पात वाली स्थिति बन रही है।
इधर टीम अतिक्रमण हटाकर वापस कार्यालय नहीं पहुंचती कि दुकानदार सामान को सड़क पर रख लेते हैं। इसके कारण सड़क फिर से संकरी हो जाती है और लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
शहर की काठ मंडी निवासी राजेंद्र कुमार, सुभाष, प्रीतम सिंह, जगदीश कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन को चाहिए कि यहां पर प्रतिदिन गश्त बढ़ाएं, ताकि दुकानदार सामान सड़क पर न रखें। उन्होंने कहा कि दुकानदार न केवल अपनी दुकान का सामान बल्कि दुकानों के आगे रेहड़ी लगवाते हैं और इसका किराया वसूल करते हैं। रेहड़ी संचालक सड़क पर नगर परिषद की ओर से खींची गई सफेद पट्टी से भी आगे बढ़ जाते हैं। रही-सही कसर बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले वाहन चालक पूरी कर देते हैं। अब सड़क की चौड़ाई केवल 10 फीट ही बचती है। ऐसे में यहां पर यदि कोई बड़ा वाहन आ जाए तो जाम लग जाता है और वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशान होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन को ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्ती बरतनी होगी, तभी शहरवासी सड़कों से आसानी से आवागमन कर सकेंगे। लालचंद कॉलोनी निवासी महिला राखी, सुनीता, इशा ने कहा कि प्रतिदिन उनके बच्चे स्कूल बसों में आते हैं। कई बार उन्हें घर तक पहुंचने में आधा घंटा की देरी हो जाती है। ऐसे में उन्हें काफी चिंता होती है। सड़क काफी चौड़ी है, लेकिन दुकानदार अतिक्रमण करके इसे संकरा बना देते हैं और वाहन जाम में फंसे रहते हैं।
नगर परिषद की ओर से रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई लगातार की जा रही है। दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों के चालान भी किए जा रहे हैं। अब अतिक्रमण के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-सुनील हुड्डा, एसआई, नगर परिषद बहादुरगढ़।