क्रेन से गाड़ी उठाने पर गुस्साया शख्स एसएचओ से उलझता हुआ।
बहादुरगढ़। अतिक्रमण से जूझ रहे रेलवे रोड पर मंगलवार को नगर परिषद और यातायात पुलिस का दस्ता कार्रवाई के लिए उतरा,
लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ खानापूर्ति तक सीमित रही। एक तरफ पुलिस की कार्रवाई चलती रही तो दूसरी तरफ रेलवे रोड पर वाहन नो पार्किंग जोन में खड़े रहे। एकाध वाहन को पुलिस ने क्रेन के माध्यम से उठाया लेकिन इस पर भी पुलिस को लोगों की खरी-खरी सुनने को मिली। वहीं नगर परिषद दस्ते ने सड़कों पर दुकानदारों द्वारा रखे गए सामान को जब्त किया, लेकिन टीम के आगे निकलते ही दुकानदारों ने फिर से सामान को बाहर निकाल लिया। इस तरह यह अभियान केवल खानापूर्ति तक सीमित रहा।
मंगलवार को रेलवे रोड पर करीब दो बजे यातायात पुलिस और नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटाओ दस्ते के साथ पहुंची। टीम को देख दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया। दुकानदार दुकानों के बाहर रखा सामान समेटते नजर आए । रेहड़ी वाले अपनी रेहड़ी को लेकर इधर-उधर भागते दिखे। ये सब कुछ ही देर के लिए रहा। जैसे ही दोनों विभागों की टीमें आगे बढ़ती गई। दुकानदारों ने दुकान के बाहर से हटाया सामान फिर से रखना शुरू कर दिया। रेहड़ी वाले भी वापस पहुंच गए।
वाहन चालकों पर कार्रवाई का नहीं दिखा असर : सड़क पर गलत तरीके से खड़ी की गई एक कार को यातायात पुलिस ने क्रेन से उठाया। पुलिस 50 मीटर आगे बढ़ी तो वाहन चालक पहुंचा औरपुलिस पर भेदभाव से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। नप टीम के जाते ही फिर से वाहनों की कतार लग गई।