बाजार से अतिक्रमण हटाते नगर परिषद के कर्मचारी व मौजूद पुलिस।
- फोटो : Bahadurgarh
नगर के मुख्य बाजार में दिन ब दिन अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। हालात यह हो चुके थे कि बाजार में दोपहिया वाहन तो चलाना दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। लगातार मिल रही शिकायतों व संकरी हो चुकी सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सोमवार को ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों के चालान काटे गए।
टीम ने सोमवार को दिल्ली-रोहतक रोड, नाहरा-नाहरी रोड, रेलवे रोड के अलावा कई अन्य जगहों पर अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान दुकानदारों में हड़ंकंप मच गया। कुछ दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों, वाहन चालकों के अलावा नियमों की अनदेखी करने वाले लोगों के चालान काटने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में नगर परिषद के अधिकारी, ट्रैफिक एसएचओ जयभगवान, थाना शहर एसएचओ सुनील कुमार के अलावा सड़क सुरक्षा संगठन से जुड़े सदस्य शामिल रहे।
जाम से मिली निजात
दिल्ली-रोहतक रोड, रेलवे रोड पर कोरोना काल के बीच बढ़ती भीड़भाड़ और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में दस्ते ने सड़कों पर कई-कई फुट तक सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का सामान जब्त करने के साथ-साथ चालान काटे। सुबह-शाम के समय बाजार में भीड़भाड़ अधिक होने सक जहां जाम की स्थिति बन रही है, वहीं संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ता है।