झज्जर। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबंधित सीटू ने मांगों को लेकर लघु सचिवालय में धरना दिया और प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। जिला सचिव संदीप कुमार ने बताया कि पंचायत विभाग हरियाणा द्वारा ग्रामीण सफाई कर्मियों, चौकीदारों और ट्यूबवेल ऑपरेटर की मोबाइल ऐप के माध्यम से हाजिरी लगाकर सरपंच को मानदेय/वेतन भुगतान का बिल बनाने का अधिकार देकर उक्त कर्मियों को शोषण और बेगार की दलदल में धकेलना चाहती है। इसको सीटू किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित सरपंच एसोसिएशन की मांग पर मुख्यमंत्री ने मोबाइल ऐप में ऑनलाइन हाजिरी लगाकर मानदेय भुगतान का बिल बनाने का अधिकार सरपंच को देने का निर्णय घोर कर्मचारी विरोधी है। उन्होंने कहा कि इससे हर रोज गांव स्तर पर पंचायतों और कर्मचारियों के बीच झगड़े पैदा होंगे और कर्मी गुलाम बनकर रह जाएंगे। सरकार द्वारा अपनाई जा रही ऑनलाइन प्रणाली की बजाय ऑफलाइन हाजिरी लगाई जाए। हाजिरी लगाने का अधिकार ग्राम पंचायत की बजाय 5-6 गांवों का जोन बनाकर सुपरवाइजर की भर्ती हो तथा उस सुपरवाइजर के माध्यम से ही ये हाजिरी लगवाई जाए। इस ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था के खिलाफ अगले तीन दिन 7 मार्च तक जिला/ब्लॉक स्तर पर धरने आयोजित रहेंगे तथा उसके बाद अगला निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर सुनील, राम भगत, ब्रह्मपाल, राजेंद्र, सरोज, किरण, नवीन, विष्णु, राहुल हुड्डा रामभगत मौजूद रहे।